दी ग्लोबल टाइम्स न्यूज : केरल से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां पर उस 19 वर्षीय लड़की की मौत हो गई, जिसका दो दिन पहले उसके प्रेमी ने उसके घर पर यौन शोषण किया था। इसके बाद लड़की पर क्रूरतापूर्वक हमला किया था। शुक्रवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

दरअसल, पोक्सो मामले में जीवित बची लड़की सोमवार को चोट्टानिकारा स्थित अपने घर में गंभीर रूप से घायल अवस्था में पायी गयी थी। उसे उसी दिन यहां एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था और वह वेंटिलेटर पर थी। पुलिस अधिकारी ने इस मामले को लेकर बताया कि आज दोपहर में उसकी मौत हो गई।

आरोपी प्रेमी गिरफ्तार

इस मामले में 20 वर्षीय प्रेमी को बुधवार को गिरफ्तार किया गया। चोट्टानिकारा पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि जांच और पोस्टमार्टम पूरा होने तथा संबंधित डॉक्टरों के बयान दर्ज होने के बाद युवक पर हत्या का मामला दर्ज किया जा सकता है।

घटना की शुरुआत में पीड़िता की मां की शिकायत पर युवक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के संबंधित प्रावधानों के तहत शारीरिक उत्पीड़न और यौन शोषण का मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने कहा कि उसने स्वीकार किया है कि वह रविवार, 26 जनवरी की रात को पीड़िता के घर गया था और उनके बीच झगड़ा हुआ था।

By The Global Times News

Owner of the News Portal.

You missed