बड़ी जिम्मेदारी: भाजपा केंद्रीय नेतृत्व ने उत्तराखंड के सफल संगठन महामंत्री अजय कुमार जी पर बड़ा भरोसा जताते हुए उन्हें राजस्थान का नया संगठन महामंत्री नियुक्त किया है।
देवभूमि के सफल संगठन शिल्पी अजेय कुमार बने राजस्थान भाजपा के नए संगठन महामंत्री; RSS के लंबे तजुर्बे और कुशल सांगठनिक कौशल से राजस्थान में फूकेंगे नई ऊर्जा
दी ग्लोबल टाइम्स न्यूज/ देहरादून: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने सांगठनिक स्तर पर एक दूरगामी और महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए उत्तराखंड भाजपा के निवर्तमान और अत्यंत सफल संगठन महामंत्री अजेय कुमार को पदोन्नति कर बड़े प्रदेश राजस्थान भाजपा का नया संगठन महामंत्री नियुक्त किया है। अपनी विलक्षण कार्यशैली, तीक्ष्ण रणनीतिक दूरदर्शिता और धरातल पर कार्यकर्ताओं के बीच गहरी पैठ के लिए विख्यात अजेय कुमार की इस नियुक्ति से राजस्थान भाजपा के सांगठनिक ढांचे में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
RSS का दीर्घकालिक अधिष्ठान और अनुशासित नेतृत्व:
अजेय कुमार का संपूर्ण जीवन राष्ट्र और संगठन की सेवा को समर्पित रहा है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए उन्हें जमीनी स्तर पर कार्य करने का दशकों लंबा और प्रगाढ़ अनुभव प्राप्त है। संघ जीवन से उपजा यही कड़ा अनुशासन, शुचिता और कर्तव्यनिष्ठा उनके कुशल नेतृत्व की सबसे बड़ी पूंजी है। वे उन विरले रणनीतिकारों में गिने जाते हैं जो प्रचार-प्रसार की चकाचौंध से दूर, परदे के पीछे रहकर ऐसी अचूक बिसात बिछाते हैं जिसका अंतिम परिणाम सदैव संगठन की प्रचंड विजय के रूप में सामने आता है।
अनेकों सामान्य चेहरों को तराशकर बनाया ‘संगठन का योद्धा:
अजेय कुमार की सांगठनिक कार्यशैली की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि वे ‘व्यक्ति’ की आंतरिक क्षमता को पहचानने में माहिर हैं। उन्होंने समाज के अत्यंत साधारण और अंतिम पायदान पर खड़े अनेकों सामान्य लोगों को न केवल संगठन की मुख्यधारा से जोड़ा, बल्कि उन्हें निरंतर मार्गदर्शन देकर एक समर्पित और निष्ठावान कार्यकर्ता के रूप में स्थापित किया। कार्यकर्ताओं को गढ़ने और उन्हें नेतृत्व क्षमता प्रदान करने की इसी अद्वितीय कला के कारण वे कार्यकर्ताओं के हृदय में विशेष स्थान रखते हैं।
उत्तराखंड में अभूतपूर्व सांगठनिक कीर्तिमान:
वर्ष 2019 से उत्तराखंड में उनके संगठन महामंत्री रहते हुए भाजपा ने चुनावी राजनीति में नए प्रतिमान स्थापित किए। उनके कुशल मार्गदर्शन में जहां एक ओर भाजपा ने लोकसभा चुनावों में क्लीन स्वीप का रिकॉर्ड बनाए रखा, वहीं दूसरी ओर उत्तराखंड के राजनैतिक इतिहास में पहली बार किसी दल ने पूर्ण बहुमत के साथ लगातार दोबारा सरकार बनाकर ‘मिथक’ को तोड़ा। इस दौरान राज्य की विभिन्न राजनैतिक परिस्थितियों और नेतृत्व परिवर्तनों के मध्य भी उन्होंने सरकार और संगठन के बीच जो समन्वय स्थापित किया, वह राजनैतिक प्रबंधन का एक उत्कृष्ट उदाहरण है।
अब तक का सांगठनिक सफर बेमिसाल रहा है। वो उन चुनिंदा रणनीतिकारों में शुमार हैं जो परदे के पीछे रहकर ऐसी रणनीति बनाते हैं जिसका परिणाम हमेशा ‘जीत’ के रूप में सामने आता है। उत्तराखंड में उनके कार्यकाल (2019 से अब तक) को संगठन का सबसे सुनहरा और शानदार दौर माना जाता है। उनके नेतृत्व में भाजपा ने न केवल लोकसभा चुनाव में ऐतिहासिक कामयाबी हासिल की, बल्कि विधानसभा चुनाव में भी प्रचंड बहुमत के साथ दोबारा सरकार बनाकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया।
बूथ सशक्तिकरण, राष्ट्रव्यापी सदस्यता अभियान और कार्यकर्ताओं के वैचारिक प्रशिक्षण को लेकर उनके द्वारा तैयार किए गए सांगठनिक मॉडल्स की सराहना भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व भी राष्ट्रीय स्तर पर कर चुका है।
वीरभूमि राजस्थान की सांगठनिक कमान संभालते ही उनके इस दीर्घकालिक सांगठनिक अनुभव और कुशल रणनीतिक कौशल का सीधा लाभ राजस्थान भाजपा को मिलेगा। राजनैतिक विश्लेषकों का स्पष्ट मानना है कि अजेय कुमार का यह प्रभार राजस्थान में भाजपा के सांगठनिक ढांचे को और अधिक सुदृढ़, अनुशासित और अजेय बनाने में मील का पत्थर साबित होगा।