
दी ग्लोबल टाईम्स न्यूज़ /देहरादून : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को उत्तराखंड के देहरादून में गढ़ी कैंट स्थित दून सैनिक इंस्टीट्यूट में ऑपरेशन सिन्दूर की सफलता पर ‘एक संवाद: वीर सैनिक के साथ’ कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस अवसर पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवानिवृत्त सैनिकों को प्रशिक्षित करने के लिए राज्य में एक केंद्र स्थापित किया जाएगा। सैनिक कल्याण विभाग इस पर कार्यवाही करेगा। सीएम धामी ने आगे कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में हमारे सैनिकों ने बहादुरी, त्याग और अटूट समर्पण का जो अनूठा उदाहरण पेश किया है, वह आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सशक्त नेतृत्व और स्पष्ट नीति के कारण आतंकवाद के विरुद्ध यह निर्णायक कार्रवाई सफल रही। उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हमारे सैनिकों का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ सेना को अत्याधुनिक तकनीक और हथियारों से लैस किया जा रहा है। भारत रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन रहा है।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में लिए गए कठोर निर्णय देश के दुश्मनों की कमर तोड़ रहे हैं। पहलगाम आतंकी हमले के बाद तत्काल निर्णय लेते हुए सिंधु जल संधि रद्द कर दी गई। पाकिस्तान के साथ सभी व्यापारिक मार्ग बंद कर दिए गए हैं, क्योंकि व्यापार और आतंकवाद एक साथ नहीं चल सकते।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सैनिकों के हित में भी कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा रहे हैं। वन रैंक-वन पेंशन, राष्ट्रीय युद्ध स्मारक का निर्माण, रक्षा बजट में वृद्धि, सीमावर्ती क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत किया गया है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सैनिकों व उनके परिवारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। शहीद सैनिकों के आश्रितों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये कर दी गई है।
परमवीर चक्र से लेकर मेंशन इन डिस्पैच तक सभी वीरता पुरस्कारों से अलंकृत सैनिकों को दी जाने वाली एकमुश्त राशि और वार्षिकी राशि में भी वृद्धि की गई है। साथ ही शहीद सैनिकों के परिवार के एक सदस्य को राज्य में सरकारी नौकरी देने का निर्णय लिया गया है तथा इसके लिए आवेदन करने की अवधि 2 वर्ष से बढ़ाकर 5 वर्ष कर दी गई है। प्रदेश में वीरता पुरस्कार विजेता सैनिकों एवं पूर्व सैनिकों के लिए सरकारी बसों में निःशुल्क यात्रा की व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा की आज सेवारत एवं भूतपूर्व सैनिकों को 25 लाख रुपये मूल्य की स्थायी संपत्ति की खरीद पर स्टाम्प ड्यूटी में 25 प्रतिशत की छूट भी दी जा रही है। राज्य के शहीद सैनिकों की स्मृति में देहरादून के गुनियाल गांव में भव्य सैन्य धाम का निर्माण किया जा रहा है। (एएनआई)